राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा 1अक्टूबर 2023 को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव करेंगे

प्रदीप कुमार

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा 1 अक्टूबर 2005 मे उत्तराखंड मे पुरानी पेंशन समाप्ति एवं नई पेंशन लागू होने के विरोध मे काला दिवस एवं मुख्यमंत्री आवास घेराव करेगा। 1 अक्टूबर 2023 को देहरादून में प्रदेश के हजारों कर्मचारी इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस संबंध में लगातार जनसंपर्क के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है और लगातार संपर्क कर 1 अक्टूबर के घेराव को सफल बनाने की अपील की जा रही है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयदीप रावत, प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल, प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत एवं विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियो के नेतृत्व में लगातार विभागों में जाकर कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है। इसी क्रम मे प्रदेश अध्यक्ष एवं महासचिव के नेतृत्व मे आज मंडल मुख्यालय में स्थित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों में संपर्क किया गया और कर्मचारियों को 1 अक्टूबर को काला दिवस मनाते हुए देहरादून पहुंचने का आवाह्न किया गया। कर्मचारियों में नई पेंशन के विरोध में आक्रोश है तथा 1 अक्टूबर की कार्यक्रम को सफल बनाने का उत्साह है। मोर्चा इसी प्रकार प्रदेश की विभिन्न जनपदों में संगोष्टियां एवं संपर्क कर पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों को जागृत कर रहा है। प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने कहा कि 18 सितंबर को देवप्रयाग, 19 सितंबर को मंडल मुख्यालय पौड़ी, 20 सितंबर को रुद्रप्रयाग, 24 सितंबर को श्रीनगर गढ़वाल और उसके बाद कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में संगोष्ठी एवं जनसंपर्क किया जाएगा। प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि आज जिन प्रदेशों में पुनः पुरानी पेंशन बहाल हुई है वहां कर्मचारी बहुत खुश एवं उत्साहित हैं। लगभग नई पेंशन एवं पुरानी पेंशन में 11 गुना से भी अधिक का अंतर देखने को आ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष जयदीप रावत ने कहा कि कर्मचारियों को इस अंतर को देखते हुए 2024 से पहले सरकार पर दबाव बनाते हुए सभी के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने के लिए संघर्ष करना होगा। वरना हमारा भविष्य तो अंधकारमय होगा ही आने वाली पीढ़ी भी हमें कभी माफ नहीं करेगी। मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह फरस्वान ने कहा कि इसीलिए 1 अक्टूबर को सभी कर्मचारियों को देहरादून पहुंचकर अपनी ताकत दिखानी होगी। मंडलीय सचिव नरेश कुमार भट्ट ने सरकार को चेताते हुए कहा कि अब कर्मचारी वोट की चोट करेंगे। कुमाऊं मंडल अध्यक्ष योगेश घिल्डियाल ने आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी कर्मचारियों को अपनी ताकत दिखाते हुए अपने हक लड़ाई लड़ने का आवाह्न किया।