पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

‘रन फॉर यूनिटी’ में मुख्यमंत्री धामी ने की कई घोषणाएं, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 32 के बजाय होंगे 50 खेल

देहरादून।राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने, प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने और खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में वृद्धि करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

आमवाला में बनेगा मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

खेल प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये किए जाएंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 1,000, 800 और 600 रुपये होगी।

इसी तरह राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि 1,500, 1,000 और 700 रुपये से बढ़ाकर क्रमशः 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की।

32 से बढ़ाकर 50 होंगे खेल, पारंपरिक खेलों को भी मिलेगा स्थान

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा। साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

सरदार पटेल ने देश की एकता को दिया मजबूत आधार

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।

युवा खेलों को दिनचर्या में शामिल करें, नशे से रहें दूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। युवाओं को खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।

जोशीमठ में हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक

मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

By admin