पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे सूचना विभाग: ध्रुव रौतेला

जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सांस्कृतिक दलों की भूमिका बढ़ाने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय देहरादून का भ्रमण कर विभागीय कार्यप्रणाली और पत्रकारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न गतिविधियों, आवंटित बजट और संचालित कार्यों की जानकारी लेते हुए पत्रकारों की समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान पर जोर दिया।

ध्रुव रौतेला ने कहा कि सरकार की ओर से पत्रकारों के हित में संचालित सुविधाओं का लाभ सभी मीडिया प्रतिनिधियों को सरलता से मिलना चाहिए। पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके।

जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर

उन्होंने जिला सूचना कार्यालय को आवंटित बजट और विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। कहा कि सांस्कृतिक दलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि सूचना विभाग यह सुनिश्चित करे कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। विशेष रूप से ऐसे लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जो जागरूकता के अभाव में सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

कार्मिकों से संवाद कर जानीं समस्याएं

भ्रमण के दौरान रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों, दायित्वों और कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न गतिविधियों और विभागीय कार्यों की प्रगति के संबंध में उपाध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी।

By admin