गोपीनाथ मंदिर में विराजमान हुई भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली, छह माह यहीं होगी पूजा-अर्चना

चमोली। चतुर्थ केदार भगवान श्री रुद्रनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद सोमवार को भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ उत्सव डोली को मंदिर में विराजमान किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

भगवान रुद्रनाथ धाम के कपाट शनिवार देर शाम शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। इसके बाद भगवान की उत्सव डोली ने पैदल यात्रा शुरू की। सोमवार को डोली के गोपेश्वर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं की थाप और भजन-कीर्तन के बीच भव्य स्वागत किया। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

अब आगामी छह माह तक भगवान रुद्रनाथ की नियमित पूजा-अर्चना गोपीनाथ मंदिर में ही संपन्न होगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु गोपेश्वर पहुंचकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

इस वर्ष यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुद्रनाथ धाम पहुंचे। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित इस पवित्र धाम में भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कपाट बंद होने के साथ ही रुद्रनाथ धाम की यात्रा का इस वर्ष का चरण संपन्न हो गया है।

By admin