ड्राइंग, भाषण और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पार्षद योगेश योगी ने बांटे प्रमाणपत्र
देहरादून। डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ड्राइंग, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्षेत्रीय पार्षद योगेश योगी ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और देशहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद योगेश योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आयोजित सेवा संकल्प पखवाड़ा समाज को एक-दूसरे से जोड़ने और सामुदायिक भावना को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का काम आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता करती है। सेवा संकल्प जैसे अभियान विद्यार्थियों में ‘अनेकता में एकता’ की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पार्षद योगी ने कहा कि विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास भी जरूरी है। ड्राइंग, भाषण और निबंध जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश और समाज से जुड़े विषयों पर सोचने का अवसर देती हैं।
इस दौरान प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एसके श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। विद्यालय का प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाए।
कार्यक्रम में शशि कुमार त्रिपाठी, शकुंतला सिंह, तृप्ति कुमार, मनोरमा नेगी, डॉ. बबीता सहोत्रा, संगीता चौरसिया, बबीता मालन, संगीता सिंह, सुनीता रानी पाल, ललित सकलानी, अनिल थापा, एपी बडोनी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
