स्वास्थ्य से आत्मनिर्भरता की ओर कार्यशाला में जुटीं 60 महिलाएं

संतुलित आहार और पोषण के साथ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

देहरादून, 3 अक्टूबर। स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से “स्वास्थ्य से आत्मनिर्भरता की ओर” कार्यक्रम के तहत 20 राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेस क्लब देहरादून में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. बबीता सहोत्रा के संयोजन में आयोजित कार्यशाला में करीब 60 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में सनशाइन कंपनी के निदेशक डॉ. डीके सिंह और डाइटिशियन सविता ने महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण और शरीर के लिए आवश्यक विटामिन एवं मिनरल्स की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दैनिक आहार में पोषक तत्वों का संतुलन बनाए रखना स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक है। विशेष रूप से आयरन, विटामिन बी-12 और विटामिन डी की शरीर में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस दौरान कंपनी के ‘वानथी’ सप्लीमेंट के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. बबीता सहोत्रा ने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ और आत्मनिर्भर होना परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने तक सीमित न रहकर उन्हें ऐसे अवसरों से जोड़ना चाहिए, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। इसी सोच के साथ कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। यदि उन्हें स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार के उचित अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यशाला में डॉ. उज्ज्वल ने उत्पाद की गुणवत्ता और उसकी जांच प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। महिलाओं को उत्पाद के वितरण एवं बिक्री से जुड़कर स्वरोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद कई महिलाओं ने इस कार्य से जुड़ने में रुचि दिखाई और स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यशाला में महिलाओं ने स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे। विशेषज्ञों ने संतुलित खानपान, पोषक तत्वों की आवश्यकता और दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम में मीनू चड्ढा, सरिता गौड़, लक्ष्मी कुकरेती, धर्मेश्वरी भट्ट, प्रियंका, इंदु शर्मा, राकेश चड्ढा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

By admin