उत्तरकाशी- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आज सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उत्तरकाशी- भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री NH-34 में निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय द्वारा बीआरओ के अधिकारियों को आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व 15 अप्रैल, 2026 तक एन एच-34 को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीआरओ को यात्रा मार्ग से मलबा हटाने और सभी डेंजर / लैंडस्लाइड जोन में आवश्यकतानुसार कटिंग करते हुए चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स करने के निर्देश दिए।
सचिव लोक निर्माण ने अधिकारियों को स्वाडी-गाड में निमार्णाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु का लॉचिंग, डैक स्लैब का कार्य एवं एप्रोच रोड का भी निर्माण कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार का संकल्प है कि चार धाम से संबंधित सभी कार्य तीव्र गति एवं प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धराली क्षेत्र में घटित भीषण दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त धराली स्थित पैदल सेतु की मरम्मत का कार्य प्रारम्भ न होने और धराली एवं हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग का पुनर्निर्माण का कार्य प्रारम्भ न होने पर असंतोष व्यक्त किया। साथ ही अधिकारियों को तय समय के अंदर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय समय पर निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि आगामी चारधाम यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व ही राष्ट्रीय राजमार्ग के सम्बन्धित स्थलों पर हॉट मिक्स का कार्य करवाते हुए राइडिंग क्वालिटी मे सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर इं. रणजीत सिंह, इं० विजय कुमार, इं० नवीन लाल, इं० कैलाश चन्द्र नौटियाल, मेजर सन्तोष कुमार,एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
