Share this Post
चमोली-विधानसभा बजट सत्र-2026: सुरक्षित व सुव्यवस्थित बजट सत्र हेतु प्रशासन का संयुक्त दौरा, व्यवस्थाओं की ली विस्तृत समीक्षा
आगामी 09 मार्च 2026 से भराड़ीसैंण में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा आज दिनांक 25/02/2026 को कर्णप्रयाग से भराड़ीसैंण तक साथ ही जनपद चमोली एवं अल्मोड़ा की सीमा पांडुवाखाल तक व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरांत उत्तराखंड विधानसभा भवन परिसर में संबंधित विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित कर तैयारियों का गहन आकलन किया गया तथा अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पुलिस आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में नेटवर्क/वायरलेस कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने, शैडो एरिया चिन्हित कर अतिरिक्त संचार साधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश प्रदान किए गए।
सत्र अवधि में सुरक्षा-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फेरी लगाने वालों, मजदूरों एवं होमस्टे में ठहरने वाले व्यक्तियों का गहन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो। संभावित प्रदर्शनों को दृष्टिगत रखते हुए विशेष एहतियाती प्रबंध करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि विधानसभा की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, जिसमें पुलिस के साथ-साथ सभी विभागों की सहभागिता अनिवार्य है। समीक्षा बैठक में सुरक्षा के तकनीकी एवं व्यावहारिक पक्षों—बैरिकेडिंग प्वाइंट्स, अस्थायी जेल व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन, ड्यूटी प्लान आदि—पर विस्तृत चर्चा की गई। PWD एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सुरक्षा में शेष कमियों को चिन्हित किया गया है। पुलिस एवं मजिस्ट्रेट स्तर पर आपात स्थिति से निपटने की रणनीति पर भी मंथन किया गया। 27 फरवरी को प्रस्तावित विधानसभा सुरक्षा टीम के निरीक्षण उपरांत प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को अंतिम सुरक्षा योजना में अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जाएगा
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अभिषेक गुप्ता, उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड़, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी असीम देब सहित सभी सम्बंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

By admin