जनपद पौड़ी के विकासखंड खिरसू के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया

गबर सिंह भंडारी

श्रीनगर गढ़वाल – जनपद पौड़ी के विकासखंड खिरसू के अंतर्गत ग्राम पंचायत गहड,ग्राम पंचायत बलोडी में प्लास्टिक मुक्त स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीणों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। ग्रामीणों ने प्लास्टिक एकत्रित कर उसे निस्तारित करने को भेजा।
खिरसू ब्लॉक प्रमुख भवानी गायत्री ने ग्रामीणों के साथ गांव के रास्तों व आसपास वृहद सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर समस्त ग्राम वासियों को मिलजुल कर सफाई अभियान चलाना चाहिए। जिससे गांव के साथ-साथ पर्यावरण भी स्वच्छ बना रहे। वहीं ग्रामसभा बलोडी के प्रधान बृजमोहन बहुगुणा ने समस्त ग्राम वासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने-अपने गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने हेतु प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल भी ना करें। उन्होंने कहा कि कहीं रास्तों या गांव में प्लास्टिक का कूड़ा बिखरा हुआ मिलता है तो उसमें अपनी भागीदारी निभाते हुए उस प्लास्टिक के कचरे को एकत्रित कर निस्तारित करने को भेजें। उन्होंने कहा कि अपने गांव को एक स्वच्छ गांव बनाने व उसे एक अलग पहचान दिलाने के लिए ग्रामीणों के साथ समय समय पर सफाई अभियान चलाते रहें।
ब्लॉक प्रमुख भवानी गायत्री ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक सबसे खतरनाक होता है यह मिट्टी की गुणवत्ता को खराब, पानी को दूषित करता है। ग्रामसभा गहड के क्षेत्रपाल देवता मंदिर से घिरदार मदन गायत्री के घर के आसपास वाले क्षेत्र में सामूहिक श्रमदान किया गया जिसमें मुख्यतय वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार चंद्रवीर गायत्री अन्य लोगों में प्रतिभाग करने वाले पुष्पा गायत्री, रामचंद्र गायत्री, सुमन गायत्री, मोहन गायत्री, सुधा देवी, सुनीता देवी, मदन गायत्री, अवनीश गायत्री आदि लोगों ने स्वच्छता मे बढ़ चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि हर प्रकार के प्लास्टिक में रंग, कैमिकल अन्य होते हैं, जो मनुष्य व पर्यावरण के लिए सबसे घातक होता है। उन्होंने सभी विकास खंड खिरसू के ग्रामवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की है। इस दौरान सफाई अभियान में समस्त ग्रामवासियों ने अपनी भागीदारी निभाते हुए आगे भी इसी तरह सफाई अभियान चलाने की शपथ भी ली।