पौड़ी गढ़वाल-सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत के अवसर पर आज श्रीनगर में जय बदरी विशाल मालगाड़ी कल्याण एसोसिएशन के सहयोग से सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम श्रीनगर की महापौर श्रीमती आरती भंडारी ने किया।
कार्यशाला में स्कूली बच्चों सहित टैक्सी-मैक्सी, ट्रक एवं बस चालकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात नियमों के पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालन तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई और सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी श्री विमल पांडे तथा पुलिस विभाग की टीम उपस्थित रही, जिन्होंने नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर दिया। कार्यशाला का उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
