Share this Post
पौड़ी गढ़वाल-कल्जीखाल विकासखंड की न्याय पंचायत नगर में शनिवार को जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में कुल 482 लोगों ने प्रतिभाग किया, विभिन्न विभागों से जुड़ी 14 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 159 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन सिंह नेगी ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रत्येक न्याय पंचायत में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बन रहा है।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने बताया कि दर्ज 14 शिकायतों में से अधिकांश का समाधान मौके पर किया गया है, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण हेतु भेजा गया है।
शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए तथा एक महिला का गोद भराई संस्कार कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शिविर में खंड विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र बलूनी, जिला पंचायत सदस्य थेर कमला देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

By admin