Share this Post

जसपुर में काशीपुर-जसपुर संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, संगठन की रीति-नीति और किसान उत्थान पर हुई विस्तृत चर्चा

जसपुर (उधम सिंह नगर)। भारतीय किसान संघ उत्तराखंड के तत्वावधान में जसपुर एवं काशीपुर विकासखंड का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर रविवार को जसपुर विकासखंड के अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश चौहान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अंगदपुर स्थित जूनियर हाई स्कूल परिसर में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन खंड मंत्री कोमल सिंह ने किया। इस अवसर पर संघ के प्रदेश महामंत्री चौधरी कुंवरपाल सिंह, प्रदेश प्रचार प्रमुख नितिन कुमार शाही, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवनीत मिश्रा, संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा, जिला अध्यक्ष उधम सिंह नगर कृष्ण कान्धा तिवारी, जिला उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद प्रधान तथा जिला सह मंत्री मास्टर राकेश राय सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पहले सत्र में संगठन की प्राथमिक जानकारी दी गई

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जिला अध्यक्ष कृष्ण कान्धा तिवारी ने भारतीय किसान संघ की संगठनात्मक संरचना, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि संघ वर्षभर में चार प्रमुख उत्सवों का आयोजन करता है—
किसान दिवस (भगवान बलराम जयंती) – भाद्रपद शुक्ल पक्ष षष्ठी के दिन देशी हल पूजा।
गोपाष्टमी (कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी) – देशी गाय के पूजन का पर्व।
26 जनवरी – भारत माता पूजन।
4 मार्च – भारतीय किसान संघ का स्थापना दिवस, जिसकी नींव परम पूज्य दत्तोपंत ठेंगड़ी जी ने सन् 1979 में राजस्थान के कोटा शहर में रखी थी।

उन्होंने कहा कि संगठन के तीन प्रमुख कार्य हैं — संगठनात्मक, आंदोलनात्मक और रचनात्मक। इन तीनों कार्यों के माध्यम से भारतीय किसान संघ किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने में जुटा है।

महामंत्री चौधरी कुंवरपाल सिंह ने दिया किसान जागरण का संदेश

दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री चौधरी कुंवरपाल सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि “देश के हम भंडार भरेंगे, लेकिन कीमत पूरी लेंगे।” उन्होंने कहा कि किसान ही भारत की रीढ़ है और जब किसान जागरूक होगा तो किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने भारतीय किसान संघ के उदघोष दोहराए –

भारत माता की जय, भगवान बलराम की जय,
देश के हम भंडार भरेंगे लेकिन कीमत पूरी लेंगे,
किसान शक्ति जागेगी, सारी समस्या भागेगी।

उन्होंने कहा कि किसान राजनीति की खाइयों से ऊपर उठकर एकजुट हों। “किसान किसान भाई भाई, राजनीति की पाटो खाई, सस्ती बिजली सस्ता पानी, मांग रही है आज किसानी” — इस उदघोष के साथ उन्होंने किसानों से स्वाभिमान और अधिकार की लड़ाई अपने बल पर लड़ने का आह्वान किया।

ग्राम समिति की मासिक बैठकों पर जोर

अंतिम सत्र में संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने संगठन के ग्राम स्तरीय ढांचे पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि “समस्या गांव में पैदा होती है, और समाधान की शक्ति भी गांव में ही है।” जब तक ग्राम समिति की मासिक बैठकें नियमित नहीं होंगी, तब तक संगठन की शक्ति संगठित नहीं हो सकेगी। उन्होंने हर ग्राम समिति से अपील की कि वे अपनी मासिक बैठकें समय पर आयोजित करें और गांव के हर किसान को संगठन से जोड़ें।

नए पदाधिकारियों की घोषणा

कार्यक्रम के समापन पर संगठन विस्तार के तहत सरदार अमरदीप बहेड़ी को विकासखंड जसपुर का उपाध्यक्ष और वीर सिंह (आसपुर) को सह मंत्री घोषित किया गया। घोषणा के बाद जिला अध्यक्ष कृष्ण कान्धा तिवारी और विकासखंड अध्यक्ष वेद प्रकाश चौहान ने दोनों नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया।

गूंजे जयकारे, दिखा संगठन का उत्साह

कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय”, “गौ माता की जय”, “भगवान बलराम की जय” और “भारतीय किसान संघ जिंदाबाद” के जयकारों से गूंज उठा। किसानों में गजब का उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर काशीपुर विकासखंड अध्यक्ष टीकाराम, ग्राम समिति दोहरी परसा के अध्यक्ष मुनेश पाल शर्मा, अंगदपुर के प्रधान नवनीत जी, जिला कार्यसमिति सदस्य डॉ. अरविंद, छत्रपाल, सोनू, जितेंद्र चौहान, जसविंदर सिंह, जसवंत सिंह, अनूप सिंह, सुरेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में विकासखंड अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश चौहान ने सभी किसानों को संगठन को मजबूत करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि “जब तक दुखी किसान रहेगा, धरती पर तूफान रहेगा; जब तक सुखी किसान न होगा, राष्ट्र का उत्थान अधूरा रहेगा।

यह संयुक्त प्रशिक्षण शिविर न केवल संगठन सुदृढ़ीकरण का माध्यम बना, बल्कि किसानों के आत्मविश्वास और एकता का प्रतीक भी साबित हुआ।

By admin