Share this Post

सहसपुर विधानसभा में सेवा पखवाड़ा की कार्यशालाएँ, भाजपा ने शुरू की तैयारियाँ

सहसपुर (हरिशंकर):शनिवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सहसपुर मंडल और सुद्धोवाला मंडल में सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत मंडल स्तर की कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितम्बर) से लेकर महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले राष्ट्रीय सेवा अभियान की तैयारियों को गति देना रहा।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की विचारधारा और मूल्यों को समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि सेवा भाव से समाज को जोड़ने और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करती है।

विधायक पुंडीर ने जोर देकर कहा कि रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और सामाजिक जागरूकता जैसी गतिविधियाँ पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर बूथ स्तर तक सेवा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि समाज के जरूरतमंद वर्गों और आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक भी राहत पहुँच सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। “सेवा ही संगठन” की भावना को धरातल पर उतारना ही हम सबका कर्तव्य है।

कार्यशाला में शिवालिक ग्रामीण मंडल और सुद्धोवाला मंडल के सभी भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने भी सेवा पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए संगठित प्रयास करने का संकल्प लिया।

सहसपुर और सुद्धोवाला मंडलों में हुए इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल कार्यक्रम भर नहीं होगा, बल्कि समाज की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का अभियान बनेगा।

By admin

You missed