Share this Post

बुआखाल-धुमाकोट-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना नया बेली ब्रिज, छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू

पौड़ी गढ़वाल, संवाददाता।
गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बुआखाल-धुमाकोट-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाबौ के निकट कलगड़ी में नव निर्मित बेली ब्रिज को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे पौड़ी जिले के पैठाणी, थलीसैंण, चाकीसैंण, त्रिपालीसैंण, भरसार, बीरोंखाल और धुमाकोट क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क पुनः बहाल हो गया है। साथ ही पौड़ी का कुमाऊं मंडल के रामनगर क्षेत्र से सीधा यातायात संपर्क भी एक बार फिर स्थापित हो गया है।

पाँच दिन में बड़े वाहनों की आवाजाही संभव

कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग खंड) धुमाकोट के अनुसार, अगले पाँच दिन में पुल को बड़े वाहनों के लिए भी पूरी तरह खोल दिया जाएगा। विभाग ने बताया कि 06 अगस्त की सुबह भारी बारिश के चलते वर्ष 1970 में बना पुराना पुल ढह गया था। इससे कई क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह टूट गया था और लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

रिकॉर्ड समय में हुआ निर्माण

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में पीडब्लूडी एनएच डिवीजन ने युद्धस्तर पर काम शुरू किया। विभाग की तत्परता और समर्पण के चलते रिकॉर्ड समय में नया पुल तैयार कर दिया गया।
पीडब्लूडी अधिकारियों के अनुसार, कलगड़ी में 45 मीटर स्पान का बेली ब्रिज तैयार किया गया है, जो अब छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।

स्थानीय लोगों को मिली राहत

नए पुल के बन जाने से स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है। अब पैठाणी, थलीसैंण, धुमाकोट और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय और कुमाऊं मंडल जाने के लिए लंबा रास्ता नहीं तय करना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुल के निर्माण से उनकी दैनिक जिंदगी फिर से पटरी पर लौट आई है।

By admin