Share this Post

₹5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, सीएम धामी बोले – यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि ‘नए उत्तराखण्ड’ का संकल्प

भराड़ीसैंण (गैरसैंण)। उत्तराखण्ड विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ₹5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अनुपूरक बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि सतत और समावेशी विकास, नवाचार तथा आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में सरकार का ठोस संकल्प है। उन्होंने कहा कि “हमारा फोकस राज्य की मानव पूंजी में निवेश और हर वर्ग के समावेशी विकास पर है। किसान, श्रमिक, गरीब, महिला, युवा, सुरक्षा बल और पत्रकार—सभी की भलाई को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं।”

प्रमुख प्रावधान

  • विद्युत टैरिफ सब्सिडी और स्वास्थ्य योजनाएँ – गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना और पुलिस आवास – ग्रामीण-शहरी गरीबों और पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधा।
  • तीमारदार विश्राम गृह और कल्याण कोष – शहीदों और पत्रकारों के लिए विशेष कल्याणकारी प्रावधान।
  • आपदा न्यूनीकरण और पर्यावरण संतुलन – भू-धसाव, भूकंप जोखिम, स्प्रिंग मैपिंग और राहत कार्यों हेतु बजटीय व्यवस्था।

बुनियादी ढाँचे पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।

  • रिस्पना-बिन्दाल एलिवेटेड रोड
  • पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार
  • कुंभ मेला अवसंरचना
  • पर्यटन विकास योजनाएँ

इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि “ऋषिकेश को योग नगरी और हरिद्वार को आध्यात्मिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा

बजट में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्राथमिकता दी गई है। नन्दा राजजात यात्रा और शारदा रिवर फ्रंट जैसे प्रमुख आयोजन को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

जनता से आह्वान

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अनुपूरक बजट ‘नए उत्तराखण्ड’ की दिशा में एक और मजबूत कदम है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा—“मैं राज्य की जनता से आह्वान करता हूँ कि इस विकास यात्रा में हमारा साथ दें।”

 

By admin