गढ़वाल–कुमाऊँ को जोड़ने वाला सपना साकार, सिंगटाली पुल के निर्माण को मिली हरी झंडी
देहरादून। लंबे समय से गढ़वाल और कुमाऊँ की जनता की प्रतीक्षा अब खत्म होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जनपद की यमकेश्वर विधानसभा में प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के लिए ₹57 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासन की ओर से मंगलवार को प्रमुख अभियंता लोनिवि को विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किलोमीटर 01 पर गंगा नदी पर प्रस्तावित इस पुल की लंबाई 150 मीटर होगी। पुल निर्माण पर कुल ₹57 करोड़ 5 लाख 25 हजार की लागत आने का अनुमान है। मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित व्यय–वित्त समिति पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी है। अब निर्माण कार्य प्रारंभ करने में कोई बाधा शेष नहीं है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “सिंगटाली पुल की मांग जनता लंबे समय से कर रही थी। इस पुल के बनने से गढ़वाल और कुमाऊँ का आपसी सड़क संपर्क और अधिक मजबूत होगा। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कर निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा किया जाए।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से न केवल दोनों मंडलों के बीच आवाजाही सुगम होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और विकास को भी नई गति मिलेगी।
