फूलों की घाटी घूमने आए पर्यटकों से लूटपाट व मारपीट, पुलिस ने 24 घंटे में तीन शातिर अभियुक्तों को दबोचा, लूटी गई नकदी व मोबाइल बरामद
गोपेश्वर (चमोली): विश्वप्रसिद्ध फूलों की घाटी की सैर पर आए पर्यटकों के साथ लूटपाट व मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को चमोली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई नकदी और एक आईफोन भी बरामद किया है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश गया है, बल्कि अपराधियों में भी खौफ पैदा हुआ है।
घटना 19/20 जून की रात की है, जब गाजियाबाद निवासी प्रेम कुमार पुत्र धर्मेंद्र कुमार अपने दो पुरुष व दो महिला साथियों के साथ फूलों की घाटी घूमने आए थे। सभी पर्यटक रात्रि लगभग 12 बजे घांघरिया स्थित लक्ष्मण गंगा नदी पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस बदमाशों ने सभी के साथ मारपीट की तथा प्रेम कुमार के पर्स से 3000 रुपये नकद और कॉलेज का परिचय पत्र लूट लिया। अपराधियों ने पहचान पत्र की फोटो खींचकर जान से मारने की धमकी भी दी।
इतना ही नहीं, बदमाशों ने सभी पर्यटकों के मोबाइल फोन छीन लिए तथा जबरन कोड पूछकर गूगल पे/फोन पे के जरिये कुल 47,000 रुपये अज्ञात खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क
पर्यटन सीजन और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार ने तत्काल घटना का संज्ञान लिया और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। थाना गोविन्दघाट पर अपराध संख्या 02/25 अंतर्गत धारा 309(4), 74, 351(3), 352 BNS के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए जांच चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को सौंपी गई।
थानाध्यक्ष गोविन्दघाट उपनिरीक्षक विनोद सिंह रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर दी गई। टीम ने घटनास्थल के आस-पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की सहायता ली और घांघरिया बायपास मार्ग सहित संभावित रूट्स पर नाकाबंदी शुरू कर दी। लगातार सुरागरसी और पूछताछ के आधार पर अपराधियों का सुराग मिला।
24 घंटे में बड़ी कामयाबी, तीनों लुटेरे गिरफ्तार
पुलिस की मेहनत रंग लाई। महज 24 घंटे के भीतर दिनांक 21.06.2025 को घांघरिया बायपास रास्ते से तीनों अभियुक्तों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
गुरविंदर सिंह उर्फ गोपी, पुत्र बलजिंदर सिंह, निवासी टीमोंवाल, थाना ख़लचिया, जनपद अमृतसर (पंजाब), उम्र 30 वर्ष।
-
राजेंद्र सिंह, पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी टीमोंवाल, थाना ख़लचिया, जनपद अमृतसर (पंजाब), उम्र 21 वर्ष।
-
वंशदीप सिंह, पुत्र लखविंदर सिंह, निवासी टीमोंवाल, थाना ख़लचिया, जनपद अमृतसर (पंजाब), उम्र 20 वर्ष।
पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया माल जिसमें ₹18,000 नगद और 01 आईफोन शामिल है, बरामद किया है। इनकी गिरफ्तारी के पश्चात मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5)b BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी पंजाब पुलिस से जुटा रही है।
पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश
इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र के होटल व्यवसायियों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है। पुलिस अधीक्षक चमोली ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस टीम को डीआईजी ने दी बधाई
डीआईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा भी इस सफलता के लिए पुलिस टीम को बधाई दी गई है। थानाध्यक्ष गोविन्दघाट उपनिरीक्षक विनोद सिंह रावत, चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह के नेतृत्व वाली टीम में कुल 26 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने अथक प्रयास कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम के सदस्य इस प्रकार हैं:
उप निरीक्षक विनोद सिंह रावत (थानाध्यक्ष गोविन्द घाट), उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह (चौकी प्रभारी घांघरिया), अ0उ0नि0 भीम सिंह नेगी, अ0उ0नि0 कैलाश चंद्र जोशी, हे0कां0 आशा लाल, हे0कां0 अमरदेव, हे0कां0 राकेश पटवाल, हे0कां0 दिगम्बर, हे0कां0 मदन कन्याल, कां0 भूपेंद्र सिंह नेगी, कां0 राहुल, कां0 गौरव, कां0 रजत शर्मा, फायरमैन सूरज, फायरमैन यशवंत, चालक मनोज, म0कां0 नंदी नेगी, कां0 राजेंद्र रावत (सर्विलांस सेल), हो0गा0 भवानी लाल, हो0गा0 केशव, हो0गा0 सचिन, हो0गा0 मुकेश, हो0गा देवी लाल, हो0गा रमेश सिंह, हो0गा जगदीश, हो0गा गजेन्द्र।
पुलिस का सख्त संदेश
चमोली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि पर्यटन क्षेत्रों में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए पर्यटकों से अपील की गई है ताकि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
