चमोली पुलिस की जन जागरूकता मुहिम जारी: युवा पीढ़ी को नशे, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति किया गया सचेत

चमोली- पुलिस की जन जागरूकता मुहिम जारी: युवा पीढ़ी को नशे, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति किया गया सचेत।
चमोली पुलिस द्वारा जनपद स्तर पर चलाए जा रहे वृहद जागरूकता अभियान के क्रम में आज दिनांक 11.09.24 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली राजेन्द्र सिंह रावत द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज कोठियालसैण व प्रभारी निरीक्षक गैरसैण जयपाल सिंह नेगी द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गैरसैण में विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को लक्षित करते हुए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और विभिन्न कानूनी जानकारियों के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को समझाया कि नशे का सेवन केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य पर ही नहीं बल्कि समाज पर भी बुरा प्रभाव डालता है। नशा जिज्ञासा से शुरू होता है लेकिन उसके परिणाम बहुत गंभीर होते हैं, जैसे मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं, परिवारों का टूटना और आर्थिक नुकसान।
वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधो के बारे में छात्र-छात्रों को बताया कि कैसे इंटरनेट और मोबाइल का गलत उपयोग उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है। साइबर अपराधों से बचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अन्जान व्यक्तियों से दोस्ती ना करने, अपनी निजी जानकारी साझा न करने, साइबर अपराध होने पर तुरन्त पुलिस की सहायता लेने तथा वर्तमान समय में हो रहें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने हेतु प्रेरित किया गया।
सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, महिला सुरक्षा के संदर्भ में, महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर होने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्राओं से महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के संबंध में विभिन्न कानूनी जानकारियों साझा की गयी। जिससे छात्राओं को यह समझने में मदद मिली कि अपनी सुरक्षा के प्रति कानून की जानकारी का होना क्यों महत्वपूर्ण है।
इस जागरूकता अभियान ने छात्र-छात्राओं में न केवल कानून और समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें अपने भविष्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा भी दी। पुलिस विभाग की इस पहल ने यह स्पष्ट किया कि सुरक्षा और जागरूकता में शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है, जो आगामी पीढ़ी को एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज बनाने में सहायता करेगा।