नये कानूनों की जानकारी हेतु चमोली पुलिस द्वारा समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत चलाया गया जागरूकता कार्यक्रम

चमोली- नये कानूनों की जानकारी हेतु चमोली पुलिस द्वारा समस्त थाना क्षेत्रान्तर्गत जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया और नये कानूनों बीएनएस, बीएनएसएस व बीएसए के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयी ,

पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार (IPS) द्वारा 01 जुलाई 2024 से लागू होने वाले तीन नये कानूनों के सम्बन्ध में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जन जागरुकता अभियान चलाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। महोदय के आदेश के अनुपालन में आज दिनांक 01.07.2024 को पुलिस उपाधीक्षक चमोली अमित सैनी द्वारा थाना गोपेश्वर, उप जिलाधिकारी संतोष कुमार पांडे एंव पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग प्रमोद शाह द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग तथा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा थाना क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों, व्यापार संघ, टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों, ग्राम प्रधान, वार्ड मेंबर, पुलिस पेंशनर, सीएलजी मेंबर, ग्राम चौकीदारों, महिला/युवा मंगल दल, स्कूली छात्र-छात्राओं व स्थानीय नागरिकों को भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 की प्रमुख विशेषताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित प्रमुख प्राविधानों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, ई-एफ0आई0आर0 दर्ज कराने व नए कानून में आमजन के हितों तथा अपराधियों के लिए किये गये कड़े प्राविधानों से अवगत कराया गया। नागरिकों के अधिकारों को सर्वोपरि रखते हुए महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता के साथ नये कानूनों में सम्मिलित नई धाराओं व सजा के प्राविधानों, न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता व त्वरित न्याय तथा अन्य विशेषताओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया।
उक्त कार्यक्रमों के दौरान आमजनमानस को भारत सरकार द्वारा लॉन्च किये गये IGOT Karmayogi App जिसमें नये कानून से सम्बन्धित जानकारी दी गयी है के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किये गये।