आंगनवाड़ी संघ की केंद्रीय प्रभारी सुमित थपलियाल ने 167 पदों पर नियुक्ति पत्र जारी करने पर मुख्यमंत्री विभागीय मंत्री के साथ ही बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त किया

प्रदीप कुमार

रुद्रप्रयाग/ जखोली/श्रीनगर गढ़वाल। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका संगठन ने प्रदेश में सुपरवाइजर के 167 पदों पर नियुक्ति पत्र जारी करने पर सरकार व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पदोन्नतियां जारी रखने का भरोसा जताया है। आंगनबाड़ी संघ की केन्द्रीय प्रभारी सुमति थपलियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, विभागीय मंत्री रेखा आर्य,संघ की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी सहित विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सुपरवाइजर पदों पर पदोन्नति की वर्षों पुरानी मांग पूरी की है। संघ की केन्द्रीय प्रभारी सुमति थपलियाल ने विज्ञप्ति में कहा है कि सरकार द्वारा लम्बे समय बाद भर्ती प्रक्रिया लागू करने व आयु सीमा में शिथिलीकरण किये जाने पर प्रदेशभर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में सुपरवाइजर बनने की आशा जगी है। उन्होंने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सुपरवाइजर के पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया चालू करने से जहां एक ओर प्रदेश के गांव गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सुपरवाइजर पदों पर पदोन्नति की राह खुली है,वहीं दूसरी ओर सरकार ने बाल शिक्षा और बाल पोषण सहित महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का काम धरातल पर उतारा है। सुमति थपलियाल ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति देकर सरकार ने महिला सशक्तीकरण का सपना पूरा किया है। विदित हो कि सुमति थपलियाल का आंगनबाड़ी केंद्र चौंरा से सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति हुई है ओर इससे पूर्व वे आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका संगठन की जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व में पदाधिकारी रहते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का नेतृत्व कर चुकी हैं। उन्हें वर्ष 2020 में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी,ब्लाक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, प्रधानाचार्य शिव सिंह रावत, बीरेंद्र सिंह राणा सहित सभी का आभार व्यक्त किया है।