पुलिस परिवार ने सेवानिवृत्त कर्मियों को दी भावभीनी विदाई

देहरादून। पुलिस विभाग में लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिसकर्मियों को बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की मौजूदगी में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, स्मृति चिह्न और उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।

सितंबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का समापन है, लेकिन पुलिस परिवार से रिश्ता कभी समाप्त नहीं होता। सेवानिवृत्त होने वाले सभी पुलिसकर्मी भविष्य में भी पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार उनके हर सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा और भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एसएसपी ने सेवानिवृत्त कर्मियों से अपेक्षा की कि उनके लंबे सेवाकाल का अनुभव भविष्य में भी विभाग के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।

चुनौतियों और अनुभवों को किया साझा

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान सामने आई विभिन्न चुनौतियों, विषम परिस्थितियों और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों के बारे में अपने अनुभव बताए।

एसएसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवानिवृत्त कर्मियों के अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल में अर्जित अनुभव पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण पूंजी हैं। युवा पुलिसकर्मी इन अनुभवों से सीख लेकर अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकते हैं।

पांच पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने वालों में अग्निशमन अधिकारी नजाकत अली, अपर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस राजेंद्र सिंह रावत, अपर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस गजेंद्र सिंह, अपर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस राजेंद्र सिंह चौधरी तथा अपर उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस गिरीश चंद्र सिंह शामिल रहे।

समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वितीय/नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए और अपने प्रियजनों के सेवाकाल के इस महत्वपूर्ण पड़ाव के साक्षी बने।

By admin