नंदा जात यात्रा में उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

एसपी चमोली ने अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था और आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की

गोपेश्वर। नंदा जात यात्रा के दौरान दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट ड्यूटी निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने सम्मानित किया। बुधवार को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन में उन्होंने पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नंदा जात यात्रा का सकुशल और निर्विघ्न संचालन पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी थी। कठिन परिस्थितियों में अधिकारियों और जवानों ने जिस तत्परता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं।

छात्रसंघ चुनाव में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

गोष्ठी में छात्रसंघ चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की भी सराहना की गई। एसपी ने भविष्य में भी सतर्कता, संयम और आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बदरीनाथ में बढ़ती भीड़ को लेकर अलर्ट

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने और पितृपक्ष के चलते बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसपी ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।

हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने के मद्देनजर संभावित वीआइपी और वीवीआइपी भ्रमण कार्यक्रम के लिए भी सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया। जनपद में संभावित वीवीआइपी कार्यक्रमों को लेकर संबंधित अधिकारियों को पूर्व से व्यवस्थाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए।

भराड़ीसैंण में व्यवस्थाओं का करें स्थलीय निरीक्षण

आगामी माह भराड़ीसैंण में संभावित मानसून सत्र के दृष्टिगत एसपी ने आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने और कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर

अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। विवेचकों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित मामलों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सभी कोतवालियों में लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआइआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक और ई-साइन सहित विभिन्न डिजिटल पुलिसिंग प्लेटफार्म का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

एमआरएम, जीआरएम, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल तथा सीसीटीएनएस पर प्राप्त शिकायतों और संदर्भों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। प्रगति डैशबोर्ड पर लंबित मामलों की नियमित मॉनीटरिंग और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

तीन पुलिसकर्मी बने पुलिस मैन ऑफ द मंथ

नंदा जात यात्रा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले निरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विनोद चौरसिया और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके अलावा सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin