Share this Post

 

एच एस सैनी
श्रीगंगानगर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जोधपुर प्रांत का दो दिवसीय प्रांत कार्यकर्ता सम्मेलन श्रीगंगानगर जिले में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत-पाकिस्तान सीमा स्थित हिन्दुमलकोट का भ्रमण किया, जहां एक विशेष सत्र का आयोजन कर राष्ट्रहित, उपभोक्ता जागरूकता और संगठन की भूमिका पर गहन मंथन किया गया। सीमा क्षेत्र में आयोजित इस सत्र ने कार्यकर्ताओं में देशभक्ति और सामाजिक दायित्व के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

सम्मेलन का मुख्य आयोजन आदर्श विद्या मंदिर, 7 ई, हनुमानगढ़ रोड पर किया गया। इसमें डीडवाना-कुचामन, बीकानेर, बाड़मेर, सिरोही एवं श्रीगंगानगर जिले के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं आगामी योजनाओं के खाके के साथ हुई।

कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा, बाजार में पारदर्शिता, मिलावटी वस्तुओं पर रोक तथा उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही मजबूत बाजार व्यवस्था की आधारशिला होता है और इसके लिए समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना आवश्यक है।

इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष एडवोकेट रमेश गोड, उपाध्यक्ष रमेश मालू, संगठन मंत्री एडवोकेट मुकेश आचार्य, सह सचिव मदन सिरोलिया, प्रचार आयाम प्रमुख संपत लाल सोनी, विधि आयाम प्रमुख एडवोकेट मुकेश गोदारा, विकास पारीक एवं क्षेत्र संगठन मंत्री भगवती प्रसाद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने विषय प्रस्तुत किए।

क्षेत्र संगठन मंत्री भगवती प्रसाद शर्मा ने अपने उद्बोधन में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत का विस्तार ग्राम स्तर तक करना समय की आवश्यकता है, ताकि हर उपभोक्ता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रवास बढ़ाने, गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि ग्राहक पंचायत को सशक्त बनाने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं और युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना होगा, तभी एक सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण संभव हो सकेगा।

कार्यक्रम में संगठन विस्तार को लेकर भी ठोस रणनीति तैयार की गई। ग्रामीण क्षेत्रों तक ग्राहक पंचायत की पहुंच बढ़ाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर सहमति बनी। साथ ही उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र अभ्यास वर्ग का आयोजन 13 व 14 जून को पुष्कर, अजमेर में करने की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

हिन्दुमलकोट सीमा भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

अंत में पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलन संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।

By admin

You missed