Share this Post

एच एस सैनी
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दिल्ली-देहरादून आर्थिक मार्ग के लोकार्पण अवसर पर देहरादून पहुंचे, जहां उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से की और देश व उत्तराखण्ड की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री लगभग 12 किलोमीटर लंबा मार्ग सड़क से तय करते हुए कैंट क्षेत्र स्थित सभा स्थल तक पहुंचे। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं और आमजन उमड़ पड़े। “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और हर कोई प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को उत्सुक दिखाई दिया।

प्रधानमंत्री ने भी पूरे मार्ग में हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों का उत्साह और स्नेह देखकर वे विशेष रूप से भावुक और प्रसन्न नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने फूल वर्षा कर उनका स्वागत किया, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस अभूतपूर्व स्वागत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड से उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा प्राप्त होती है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें देश के विकास के लिए और अधिक प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि वे इस बार भी उत्तराखण्ड से नई ऊर्जा लेकर जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने 12 किलोमीटर लंबे रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि रास्ते में उमड़े जनसैलाब और लोगों के प्रेम के कारण उनका काफिला धीमी गति से आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि जनता का अभिवादन करने के लिए वाहन को धीरे-धीरे चलाया गया, जिसके चलते जनसभा में पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इस विलंब के लिए उन्होंने मंच से उपस्थित लोगों से क्षमा भी मांगी।

यह भव्य रोड शो केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं रहा, बल्कि यह उत्तराखण्ड की जनता और प्रधानमंत्री के बीच गहरे भावनात्मक संबंध का जीवंत उदाहरण बन गया। साथ ही, यह आयोजन दिल्ली-देहरादून आर्थिक मार्ग के महत्व और प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की झलक भी प्रस्तुत करता है।

By admin

You missed