नशे का संकट, देहरादून में खुला राज्य का पहला आधुनिक 30 बैडेड रिहैबिलिटेशन सेंटर-डीएम
जिला प्रशासन ने AIIMS से भी किया है MOU, 07-डे इंटेंसिव थेरेपी के लिए रिजर्व हुए AIIMS के 10 बेड,
डीएम ने बनवाया जिले का अपना एंटी-ड्रग्स हेल्पलाइन नंबर-9625777399,
04 एडिक्ट आज भी सेंटर में भर्तीः
ड्रग्स जीरो टॉलरेंसः उच्च शिक्षण संस्थानों में इसी हफ्ते होगी बच्चों की व्यापक ड्रग्स टेस्टिंग,
नशामुक्ति की ओर खास पहलः सभी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्रा होंगे एंटी ड्रग्स कमेटी का हिस्सा
भौतिक सत्यापन में 32 भूतिया ड्रग्स-डिटेक्शन सेंटर का पंजीकरण होगा निरस्त, डीएम के सख्त निर्देश,
सीसीटीवी अनिवार्यः नियम तोड़ने वाले मेडिकल स्टोर पर होगी कडी कार्रवाई, लाइसेंस तत्काल रद्व
ड्रग्स के खिलाफ शक्ति संगमः मादक पदार्थों की डिमांड और सप्लाई पर सभी प्रवर्तन संस्थाएं करेंगी कार्रवाई
ट्रैफिक चेकिंग में नई सख्ती, रात्रि में ड्रग्स टेस्टिंग भी होगी, डीएम के निर्देश
मानस हेल्पलाइन-1933 और DDAC हेल्पलाइन-9625777399 पोस्टर, अब हर सरकारी कार्यालय मिलेगा चस्पा,
मा0 मुख्यमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन ने उठाए कड़े कदम
देहरादून 27 नवंबर,2025 (सू.वि),
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बृहस्पतिवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिला स्तरीय नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक ली। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों और अवैध ड्रग्स कारोबार में लिप्त दोषियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित दवा फैक्ट्री एवं मेडिकल स्टोर का निरंतर निरीक्षण करने और नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु सघन जांच अभियान चलाने के भी निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मेडिकल स्टोर पर 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी स्थापित कराए जाए। जिन मेडिकल स्टोर पर तब भी सीसीटीवी नही लगते है, ड्रग्स इंस्पेक्टर तत्काल उनका लाइसेंस निरस्त करें। जिलाधिकारी ने जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों में वृहद स्तर पर ड्रग्स टेस्टिंग कराने के भी निर्देश दिए। विद्यालयों के आसपास एवं नशा के संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर सीसीटीवी कैमरे लगाने, निजी एवं शासकीय सभी शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग्स कमेटी में स्कूल के एक छात्र और एक छात्रा को शामिल कर कमेटी को सक्रिय करने, नशीले पदार्थाे के अवैघ कारोबार की सूचना देने हेतु शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बैनर/पोस्टर के माध्मय से मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, एनसीवी मानस पोटर्ल और डिस्ट्रिक्ट डी-एडिक्शन सेंटर हेल्पलाइन नंबर 9625777399 का पोस्टर सभी कार्यालयों में चस्पा कराते हुए इसका व्यापक प्रचार प्रसार कराने और हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए। ताकि नशे के अवैघ करोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।
जिला सूचना अधिकारी, देहरादून।
