देहरादून, 27 जून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान प्रदेश की दो महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं — जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजना और सौंग पेयजल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने इन दोनों परियोजनाओं के कार्यों को तय समय से पूर्व पूर्ण करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना के कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि जून 2029 की निर्धारित समयसीमा से पूर्व ही कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इसी तरह, सौंग बांध परियोजना को मार्च 2030 की समयसीमा से पहले पूरा करने के लिए भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

जमरानी बांध से सिंचाई और पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

करीब ₹3808 करोड़ लागत की इस योजना के अंतर्गत 150.6 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 42.92 किमी लंबी नहर का पुनर्निर्माण और 21.25 किमी नई नहर का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है।
यह परियोजना हल्द्वानी शहर और आस-पास के क्षेत्रों की 10.50 लाख भविष्य की आबादी को 117 एम.एल.डी. पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। साथ ही इस परियोजना से बनने वाली 9 किलोमीटर लंबी झील को एक नए टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यह परियोजना लगभग 57,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता का सृजन करेगी।

सौंग बांध परियोजना से देहरादून को मिलेगा दीर्घकालिक पेयजल समाधान

करीब ₹2492 करोड़ लागत की इस योजना में 130.60 मीटर ऊंचे बांध का निर्माण होगा। साथ ही 1.5 मीटर व्यास की 14.70 किमी लंबी जल वहन प्रणाली, 85 किमी जल वितरण नेटवर्क और 150 एम.एल.डी. जल शोधन संयंत्र का निर्माण भी किया जाएगा।
यह परियोजना देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की वर्ष 2053 तक की अनुमानित 10.65 लाख जनसंख्या को ग्रेविटी बेस्ड 150 एम.एल.डी. पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना से बनने वाली 3.5 किमी लंबी झील को भी एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन परियोजनाओं की निगरानी नियमित रूप से करने और चरणबद्ध तरीके से कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल पेयजल संकट का समाधान होगा, बल्कि कृषि, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में भी उत्तराखंड को नई दिशा मिलेगी।

बैठक में शामिल रहे ये अधिकारी

इस बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री एस.एन. पांडेय, श्री युगल किशोर पंत, एडीजीपी श्री ए.पी. अंशुमान, और अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

By admin