मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी का मसूरी टॉउन हॉल सभागार में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया

देहरादून,  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी का मसूरी टॉउन हॉल सभागार में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने राज्य में भाजपा को लगातार दूसरी बार पूरा समर्थन देने पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड के राज्य आन्दोलनकारियों का स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को राज्य आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य में नई सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट में उत्तराखण्ड के सभी लोगों के लिए एक समान कानून के लिए समिति बनाने को कैबिनेट से मंजूरी दी गई है। जल्द ही विशेषज्ञों की कमेटी बनाकर ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर प्रतिदिन ₹500 रूपये किया गया है। सरकार ने पति-पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन देने का निर्णय लिया है और इसकी धनराशि भी बढ़ाई है। साथ ही प्रदेश में गरीब परिवारों को एक साल में तीन गैस सिलेण्डर मुफ्त देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मसूरी के लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्र बनाने के लिए कहीं और न जाना पड़े, इसके लिए मसूरी में व्यवस्था की जाएगी। सिफनकोट में लोगों के मकान जल्द बनवाए जाएंगे साथ ही मसूरी में गढ़वाल सभा के भवन के लिए ₹1.5 करोड़ की स्वीकृति दी जा चुकी है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, मसूरी के नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनुज गुप्ता, भाजपा के देहरादून जिलाध्यक्ष श्री शमशेर सिंह पुण्डीर, पूर्व विधायक श्री जोत सिंह गुनसोला, भाजपा के मसूरी मण्डल अध्यक्ष श्री मोहन पेटवाल एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।