भाजपा ने नौ सीटों पर जीत दर्ज कर 2017 का रिकॉर्ड बरकरार रखा

भाजपा ने नौ सीटों पर जीत दर्ज कर 2017 का रिकॉर्ड बरकरार रखा
चकराता में प्रीतम सिंह एक बार फिर अपनी सीट बचाने में रहे कामयाब

देहरादून। जनपद की दस विधानसभा सीटों पर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने नौ पर भगवा परचम लहराते हुए 2017 के रिकार्ड को बरकरार रखा है । सिर्फ चकराता विधानसभा सीट पर नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह ही जीत पाए हैं।
भाजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में रायपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने जीत दर्ज की है। उमेश शर्मा काऊ ने कांग्रेस प्रत्याशी हीरा सिंह बिष्ट को शिकस्त दी है। उमेश शर्मा रायपुर सीट से सीटिंग विधायक हैं।
वहीं मसूरी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जीत दर्ज की है। गणेश जोशी ने सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गोदावरी थापली को हराया है। गणेश जोशी ने चौथी बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। 2007 से गणेश जोशी लगातार जीतते आ रहे हैं।
ऋषिकेश विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। प्रेमचंद अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र चंद्र रमोला को हराया है। प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश सीट से चौथी बार विधायक चुने गए हैं। अग्रवाल ने रमोला को 19068 वोटों से हराया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार चार बार जीतने का मिथक भी तोड़ दिया है। ऋषिकेश में किसी भी चुनाव में लगातार तीन बार का जीता प्रत्याशी चौथी बार जीत दर्ज असफल रहा है।
वहीं जनपद की डोईवाला विधानसभा सीट भी भाजपा के खाते में चली गई है। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी बृज भूषण गैरोला ने जीत दर्ज की है। बृज भूषण गैरोला ने कांग्रेस प्रत्याशी गौरव चौधरी को हराया है।
वहीं कैंट विधानसभा सीट एक बार फिर भाजपा के खाते में गई है। यहां से पार्टी प्रत्याशी सविता कपूर ने जीत दर्ज कर अपना किला बरकरार रखा है। कैंट सीट पर कांग्रेस ने सूर्यकांत धस्माना पर दांव खेला था। सूर्यकांत धस्माना कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
वहीं सविता कपूर पूर्व विधायक स्व. हरबंस कपूर की पत्नी हैं। हरबंस कपूर के निधन के बाद भाजपा ने उनकी पत्नी सविता कपूर को प्रत्याशी बनाया था। सहसपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सहदेव पुंडीर ने जीत दर्ज की है। सहदेव पुंडीर ने कांग्रेस प्रत्याशी आयेंद्र शर्मा को शिकस्त दी है। सहदेव पुंडीर सहसपुर सीट से सीटिंग विधायक हैं। 2017 के उत्तराखड विधानसभा चुनाव में सहसपुर से भाजपा के सहदेव सिंह पुंडीर 44,055 वोट प्राप्त करके विधायक बने थे। कांग्रेस के किशोर उपाध्याय निकटतम प्रतिद्वंद्वी थे। उन्हें 25,192 वोट मिले थे। दोनों प्रत्याशियों की हार का अंतर 18,863 वोट था। राजपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी खजान दास ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार को शिकस्त दी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में राजपुर रोड से भाजपा के खजान दास 36,601 वोट प्राप्त करके विधायक बने थे। कांग्रेस के राजकुमार 27,969 वोट लेकर दूसरे नंबर पर थे। खजान दास भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं।
वहीं दूसरी ओर जनपद की विकासनगर विधानसभा सीट से भाजपा के सीटिंग विधायक और प्रत्याशी मुन्ना सिंह चौहान ने एक बार फिर जीत हासिल की है। 2017 के चुनाव में भी मुन्ना सिंह चौहान ने जीत दर्ज की थी। इस सीट पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी नवप्रभात को दूसरी बार हराया है। 2017 के चुनाव में भी मुन्ना सिंह चौहान ने नवप्रभात को पटखनी दी थी। धर्मपुर विधानसभा सीट पर सिटिंग विधायक भाजपा प्रत्याशी विनोद चमोली ने दूसरी बार कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल को पटखनी दी है। चमोली ने अग्रवाल को 10090 वोटों से धूल चटाई है। चमोली को 58538 और अग्रवाल को 48448 वोट मिले है। वहीं नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रीतम सिंह इस बार भी अपना दुर्ग बचाने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने भाजपा के रामशरण नौटियाल को 9436 वोटों से हराया हैै। प्रीतम सिंह को 36853 और भाजपा के रामशरण नौटियाल को 27417 वोटे मिले हैं।