भिण्ड जिले के मत्स्य पालक मानवेन्द्र सिंह की आय में वृदि के साथ जीवन स्तर भी हो रहा है सुदृढ़

सफलता की कहानी
भिण्ड जिले के मत्स्य पालक  मानवेन्द्र सिंह की आय में वृदि के साथ जीवन स्तर भी हो रहा है सुदृढ़
भिण्ड 08 मार्च 2022/मत्स्य उद्योग एक ऐसा व्यवसाय है जिसे निर्धन से निर्धन व्यक्ति अपना सकता है एवं अच्छी आय प्राप्त कर सकता है तथा समाज में क्रान्तिकारी परिवर्तन लाया जा सकता है। विभिन्न माध्यमों से मत्स्य पालन व्यवसाय में लगकर श्री मानवेन्द्र सिंह अपना आर्थिक स्तर सुधार रहे हैं।
भिण्ड जिले के दबोह क्षेत्र के श्री मानवेन्द्र सिंह यादव द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत मत्स्य पालन की नवीन तकनीकि बायोफ्लोक यूनिट द्वारा मत्स्य पालन का कार्य किया जा रहा है।
श्री मानवेन्द्र सिंह बताते हैं कि वर्ष 2019-20 में सहायक संचालक मत्स्योद्योग जिला भिण्ड के अधिकारी श्री धर्मेन्द्र सिंह परमार की सहायता से बायोफ्लोक पद्धति से 04 मीटर व्यास 1.5 मीटर उंचाई एवं 10 हजार लीटर पानी की क्षमता के 02 टैंकों में मत्स्य उत्पादन का किया गया। जिसमें 50 हजार की लागत से 1.5 मैट्रिक टन मत्स्योत्पादन किया गया। जिसमें एक लाख रुपये का लाभ प्राप्त हुआ,  वर्ष 2020-21 में मत्स्य विभाग जिला भिण्ड से संपर्क कर 07 टैंक 05 मीटर व्यास 1.5 मीटर उंचाई, 20 हजार लीटर पानी की क्षमता एवं 7.5 लाख रुपये की लागत से 07 टैंकों का निर्माण करवाया गया, एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से 3.00 लाख का अनुदान प्राप्त हुआ साथ ही सभी टैंको में 20 हजार पंगेशियस मत्स्य बीज का संचयन किया, जिसमें एक वर्ष में 02 बार (प्रत्येक 6-6 माह में) मत्स्य उत्पादन का कार्य किया जाता है। जिसमें 05 मैट्रिक टन मत्स्य उत्पादन हो चुका है। जिससे वर्ष में 5 लाख रुपये मुनाफा प्राप्त हुआ है।
किसानों के हित में चलाई जा रही प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लिए श्री मानवेन्द्र सिंह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को सहृदय धन्यवाद दे रहे हैं।