गोविंद सिंह कुंजवाल का ऐलान: कांग्रेस की सरकार बनते ही हो जाएगी पुरानी पेंशन की बहाली

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने पुरानी पेंशन की बहाली का ऐलान कर एक बड़ा राजनीतिक दांव चल दिया है। ऐसा करके उन्होंने कर्मचारियों और शिक्षकों का दिल जीतने का प्रयास किया है।
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने अपने फेसबुक वॉल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तराखंड में अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो कर्मचारियों की पुरानी पेंशन को दोबारा बहाल करने का पूरा प्रयास करेंगे। साथ ही कुंजवाल ने कहा कि पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में पुरानी पेंशन योजना को बंद कर दिया गया था। इसी को उत्तराखंड में भी लागू कर दिया गया। लेकिन अब कई राज्यों ने इस पर छूट दी है। उन्होंने कहा कि अगर 2022 में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।बताते चले कि पुरानी पेंशन योजना को लेकर अधिकारी कर्मचारी लंबे समय से संघर्षरत है। यही नहीं, कर्मचारियों का कहना है कि इस बार वह उन्हीं को वोट देंगे, जो पुरानी पेंशन को बहाल करेगा। जिसको लेकर इन दिनों सोशल मीडिया में भी कर्मचारियों का कैम्पैन जोर शोर से चल रहा है।केंद्र सरकार ने अप्रैल 2005 के बाद के नियुक्तियों के लिए पुरानी पेंशन को बंद कर दिया था और नई पेंशन योजना लागू की गई है। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में यह फैसला लिया गया था। तब उत्तराखंड में एन डी तिवारी की नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी। पिछले कुछ सालों से कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना का विरोध करना शुरू कर दिया।