राज्यपाल ने सीमान्त गाँव मलारी का दौरा कर विषम भौगोलिक परिस्थितियों में सीमा पर डटे जवानों का हौसला बढ़ाया

श्री बद्रीनाथ मन्दिर में पूजा अर्चना कर की सम्पूर्ण विश्व एवं मानवता के कल्याण की कामना

चमोली – राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) जनपद चमोली के सीमान्त गांव मलारी के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान ITBP के अधिकारियों, स्थानीय निवासियों व महिलाओं द्वारा अपने पारंपरिक परिधानों व वेषभूषा में नृत्य कर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) का स्वागत किया गया। राज्यपाल द्वारा सीमांत गांव मलारी में पर्यटन की अपार संभावनाएं बताते हुए, स्थानीय महिलाओं के पहाड़ी व्यंजनों, उत्पादों व हस्तशिल्पों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। ताकि स्वरोजगार के साथ ही पारंपरिक धरोहरों और सांस्कृतिक परंपराओं को भी संरक्षित किया जा सके। तदोपरान्त महोदय द्वारा ITBP के जवानों से मिलकर उनका हाल चाल जाना एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी सीमा पर डटे जवानों का हौसला भी बढ़ाया।


श्री बदरीनाथ धाम पहुंचने पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) का जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक चमोली  रेखा यादव द्वारा स्वागत किया गया। तदोपरान्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) द्वारा चमोली पुलिस के जवानों द्वारा बेहतरीन सेरिमोनियल यूनिफॉर्म में शानदार सलामी दिए जाने पर “गार्द जवानों” के टर्नआउट व शस्त्र कवायद की सराहना की गयी। श्री बद्रीनाथ मन्दिर में विशेष पूजा अर्चना कर  राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) द्वारा सम्पूर्ण विश्व एवं मानवता के कल्याण के कामना की गयी। जिलाधिकारी चमोली द्वारा राज्यपाल को श्री बद्रीनाथ धाम में विभिन्न चरणों में होने वाले निर्माण कार्यों एवं आने वाले समय में होने वाले कार्यों की जानकारी दी गयी।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली श्री प्रमोद शाह, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन/यातायात सुश्री नताशा सिंह सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।