थाना प्रभारी ऊखीमठ ने पल्द्वाड़ी इंटर कॉलेज में चलायी पुलिस की पाठशाला।

रुद्रप्रयाग – थाना प्रभारी ऊखीमठ ने पल्द्वाड़ी इंटर कॉलेज में चलायी पुलिस की पाठशाला। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को आम जनमानस के बीच व थाना क्षेत्र के स्कूलों में जाकर जागरुक किये जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त निर्देशों के क्रम मे थाना प्रभारी ऊखीमठ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज पल्द्वाड़ी में छात्र छात्राओं को साइबर अपराध, उत्तराखण्ड पुलिस एप (गौरा शक्ति मॉड्यूल), यातायात नियम, नशे के दुष्प्रभाव, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन न चलाया जाना व बच्चों को उचित शिक्षा से सम्बन्धित विषयों पर जानकारी दी गयी। साइबर अपराध के बारे में विस्तार से बताते हुए जानकारी दी गयी ,यह ऐसा अपराध है कि आप से बहुत दूर रहने वाला व्यक्ति भी बैठे बिठाये भारी भरकम आर्थिक नुकसान दे सकता है।
इस प्रकार के अपराध से बचने हेतु सतर्कता और जागरुकता का होना अत्यन्त आवश्यक है। सतर्कता यह कि कोई भी अन्जान व्यक्ति हमें अपने जाल में न फांस ले और जागरुकता यह कि हम अपनी निजी जानकारी किसी से भी साझा न करें। विशेषकर लॉटरी लगने, पैसा डबल होने, कम दामों में कीमती सामान मिलने जैसे लुभावने ऑफरों से बचने की जानकारी दी गयी। अपने एटीएम कार्ड की जानकारी, पीछे लिखे तीन अंकीय कोड या एटीएम का गुप्त कोड किसी को नहीं बताना है। उत्तराखण्ड पुलिस एप के विभिन्न फीचरों व गौरा शक्ति मॉड्यूल की जानकारी दी गयी तथा सभी बच्चों को इस एप को अपने या घर वालों के फोन में इंस्टाल करने के बारे में बताया गया। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसकी लत इन्सान को मजबूर बना देती है, नशे में लिप्त व्यक्ति विभिन्न अपराधों में शामिल हो जाता है, वह अपना शारीरिक संतुलन एवं मानसिक चैतन्य खो बैठता है, इससे न केवल नशे से ग्रसित व्यक्ति बल्कि उसका परिवार भी परेशानी में आ जाता है। उपस्थित छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों का पालन करने की जानकारी देते हुए बताया गया कि हमेशा वाहन का संचालन कम गति में होना चाहिए, विशेषकर पहाड़ी मार्गों पर तो न जाने कहॉं पर मोड़ आ जाये, यदि वाहन की गति कम रहेगी तो वाहन नियंत्रित भी हो सकेगा। नाबालिग बच्चों के स्तर से वाहन संचालन नहीं किये जाने की जानकारी दी गयी।