आनी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

NSS शिविर में SDPO राजीव मेहता ने युवाओं को दी महत्वपूर्ण जानकारी, जिम्मेदार नागरिक बनने का किया आह्वान

आनी (कुल्लू)। नशा मुक्त हिमाचल अभियान और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, आनी में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) आनी राजीव मेहता ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान SDPO राजीव मेहता ने स्वयंसेवियों के साथ नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

पुलिस की इस पहल के माध्यम से युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, गलत गतिविधियों से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूक युवा, सुरक्षित समाज

नशा मुक्त हिमाचल की दिशा में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

By admin