नशामुक्त उत्तराखंड के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान, सीएम धामी ने वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, बोले—नशे को ना, जिंदगी को हां का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं युवा

देहरादून। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ओएनजीसी के डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड में आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं सहित सभी प्रतिभागियों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड वॉकाथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला अभियान है। ऐसे आयोजनों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आयोजकों और विशेष रूप से देवेंद्र सिंह बिष्ट की सराहना की।

नशे की गिरफ्त में आने से प्रभावित होते हैं युवाओं के सपने

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उन्हें खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए और मेहनत के बल पर अपना भविष्य संवारना चाहिए। लेकिन नशे की गिरफ्त में आने से उनके सपनों के साथ परिवार की उम्मीदें भी प्रभावित होती हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उनकी ऊर्जा व प्रतिभा को सही दिशा देना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। युवाओं को खेल, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। अच्छी संगति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर वे बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों से नशामुक्ति का संदेश प्रत्येक घर और गांव तक पहुंचाना होगा।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में केवल सहभागी बनकर न रहें, बल्कि इसका नेतृत्व करें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही नशे के खिलाफ व्यापक सामाजिक जागरूकता पैदा की जा सकती है।

अवैध कारोबार पर कार्रवाई के साथ पुनर्वास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जनजागरूकता, नशामुक्ति, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नशे की लत से प्रभावित लोगों को सही मार्गदर्शन, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने के साथ परिवार का भावनात्मक सहयोग भी जरूरी है। नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई, सामाजिक जागरूकता और पुनर्वास के प्रयासों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

शिक्षा, खेल और नवाचार में आगे बढ़े युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ वीरों, तपस्वियों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की भूमि है। प्रदेश की युवा पीढ़ी को इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं की ऊर्जा का उपयोग प्रदेश और देश के विकास में हो तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक से अधिक अवसर मिलें। नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने आचार, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने सभी से ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ऐसा स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड बनाया जा सकता है, जहां प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से आगे बढ़े और हर परिवार का भविष्य सुरक्षित एवं खुशहाल हो।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल, ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin