विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनेगा, उत्तरकाशी को मिली कई सौगात

सीएम धामी ने सेवा संकल्प सभा में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले- उत्तराखंड को अग्रणी राज्यों में शामिल करना लक्ष्य

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा में प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ढाई दशक के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। सेवा ज्योति यात्रा इसी जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। सरकार और शासन को कार्यालयों व फाइलों तक सीमित रखने के बजाय जनता के द्वार तक पहुंचाने का काम हुआ है।

उत्तराखंड को बताया 21वीं सदी के तीसरे दशक का राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इसी विजन को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल की संख्या में करीब 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य को लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिल रहा है। उत्तराखंड ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल की है।

चारधाम यात्रा में पहुंचे 56 लाख से अधिक श्रद्धालु

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था। इनमें से 26 योजनाओं का काम पूरा हो चुका है, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य चल रहा है।

पांच वर्ष में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अलावा सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सख्त नकल विरोधी कानून के कारण पिछले करीब पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है।

विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी शीघ्र स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

इसके साथ ही डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की।

विकास में जनता की भागीदारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसे प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों और दायित्वों से जोड़ना होगा। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण और केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

By admin