महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का मंच, जूट बैग और कपड़े की थैलियों का होगा उत्पादन
देहरादून। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विकासखंड सहसपुर के शंकरपुर में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा संचालित सामान्य सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और विशिष्ट अतिथि सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर मौजूद रहे।
जिला प्रशासन देहरादून की पहल पर पुनर्जीवित किए गए इस केंद्र का संचालन आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा किया जाएगा। फेडरेशन से 223 स्वयं सहायता समूह जुड़े हैं, जिनमें करीब 2,500 महिलाएं शामिल हैं। केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सामूहिक उत्पादन और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
केंद्र में महिलाएं सिलाई के साथ जूट बैग और कपड़े की थैलियों का निर्माण करेंगी। पर्यावरण अनुकूल इन उत्पादों से सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने में भी मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर उत्पाद तैयार होने से महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण का रास्ता भी मजबूत होगा।

महिला सशक्तीकरण पर सरकार का जोर
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ‘लखपति दीदी’ अभियान के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सामान्य सुविधा केंद्र जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार की परिकल्पना के अनुरूप जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के कन्वर्जेंस और जिला योजना के सहयोग से केंद्र को पुनर्जीवित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के संचालन से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सामूहिक रूप से उत्पादन और विपणन का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में योजना से जुड़ी महिला लाभार्थियों ने कहा कि सामान्य सुविधा केंद्र के माध्यम से उन्हें अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर मिलेगा। इससे उनके आत्मविश्वास के साथ पारिवारिक आय में भी वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकेंगी। महिलाओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
