हरिद्वार में “न्याय संहिता” प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान जारी, युवाओं और विद्यार्थियों में दिखा भारी उत्साह
हरिद्वार – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की परिकल्पना और माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में, उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित “न्याय संहिता” राज्यस्तरीय प्रदर्शनी जन-जागरूकता का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को देश की न्याय व्यवस्था में हुए महत्वपूर्ण सुधारों, तकनीकी नवाचारों तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े प्रमुख प्रावधानों के बारे में जागरूक करना है।
प्रदर्शनी के तीसरे दिन आज, 09 मार्च 2026 को हरिद्वार जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इसमें मुख्य रूप से कोर यूनिवर्सिटी (CORE) हरिद्वार, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, पुलिस मॉडर्न स्कूल (40वीं बटालियन) और कन्या इंटर कॉलेज सडौली के विद्यार्थी एवं लॉ फैकल्टी प्रदर्शनी में शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं को न्याय संहिताओं की बारीकियों को सरल और जानकारीपूर्ण तरीके से समझाया गया।
प्रदर्शनी में न्याय संहिता के प्रावधानों से आमजन को अवगत कराने के लिए नुक्कड़ नाटकों का विशेष आयोजन किया जा रहा है। इन नाटकों के माध्यम से न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों, पीड़ित-केंद्रित न्याय प्रणाली और तकनीकी सुधारों को अत्यंत प्रभावशाली और सरल ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसे आगंतुकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
आज श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध कानून एवं व्यवस्था ने प्रदर्शनी स्थल का व्यापक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनपद हरिद्वार के विभिन्न थानों एवं चौकियों से आए विवेचकों (IOs) ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और न्याय संहिता के क्रियान्वयन एवं प्रावधानों के सम्बन्ध में अपनी विधिक समझ को और अधिक सुदृढ़ किया। इसके साथ ही, एसडीआरएफ, पीएसी के जवानों सहित हरिद्वार के मीडिया बन्धुओं एवं आपदा मित्रों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
यह प्रदर्शनी आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रही है। उत्तराखण्ड पुलिस का उद्देश्य है इस प्रदर्शनी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय संहिताओं के प्रावधानों की जानकारी पहुँचाकर एक न्यायपूर्ण, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम व्यवस्था के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित “न्याय संहिता प्रदर्शनी” 11 मार्च 2026 तक जारी रहेगी। आमजन से अपील की है कृपया अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर न्याय संहिता की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाएं।
