बागेश्वर-जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देशों के क्रम में तथा आयुक्त एवं अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत उत्तरायणी मेले के दौरान औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मनः प्रभावी (साइकोट्रोपिक) औषधियों के क्रय-विक्रय पर विशेष निगरानी रखी गई। मेडिकल स्टोरों के बिक्री बिलों व अभिलेखों की गहन जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि नारकोटिक एवं मनः प्रभावी औषधियां केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही वितरित की जा रही हैं।
इसके साथ ही मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस की उपलब्धता, पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में दवाओं की बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं रिकॉर्डिंग की भी जांच की गई। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य मेले के दौरान नशीली एवं अधोमानक दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाना तथा आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखना है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
