दिल्ली में मुख्यमंत्री धामी से मिले डीयू छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर्यन मान, महासचिव कुणाल चौधरी, तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNUSU) के सह सचिव वैभव मीणा ने शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री धामी ने तीनों छात्र नेताओं को हाल ही में संपन्न छात्रसंघ चुनावों में मिली अभूतपूर्व विजय पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों में अनुशासन, निष्ठा और राष्ट्रहित की भावना को सुदृढ़ बनाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की राजधानी में उत्तराखंड से जुड़े युवा जिस तरह नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं, वह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्र नेताओं से आह्वान किया कि वे समाज और शिक्षा जगत में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों को आगे भी समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
