हर्षिल पुलिस की कार्यवाही : अवैध शराब के साथ दो नेपाली मूल के तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी।थाना हर्षिल पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए दो नेपाली मूल के युवकों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से 46 बोतल अंग्रेजी शराब (सोलमेट ब्लू ब्रांड) और 16,690 रुपये नकद बरामद किए। नकदी शराब बेचकर अर्जित की गई बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हर्षिल पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान हर्षिल बाजार स्थित हिमालय फास्ट फूड की दुकान के पीछे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर दबिश दी गई। मौके से महेंद्र तांमग और आईसि तांमग नामक दोनों आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बरामद शराब और नकदी को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। किसी भी हालत में ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने हर्षिल पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की सख्ती से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा,
