पौड़ी पुलिस बनी बुजुर्गों का सहारा, घर-घर जाकर जानी कुशलक्षेम
पौड़ी गढ़वाल। समाज के सबसे सम्मानित और संवेदनशील वर्ग, बुजुर्गों के प्रति मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए पौड़ी पुलिस ने नई पहल शुरू की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें अकेले रह रहे बुजुर्गों के घर-घर पहुँचकर उनका हालचाल पूछ रही हैं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिला रही हैं।
इसी क्रम में थाना धुमाकोट एवं यमकेश्वर पुलिस टीम गाँव-गाँव पहुँची और बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद किया।
पुलिसकर्मियों ने न केवल उनका हालचाल जाना बल्कि उनकी दैनिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों और अकेलेपन की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना।
बुजुर्गों को भरोसा दिलाया गया कि किसी भी संकट या आपात स्थिति में पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
उन्हें हेल्पलाइन नंबरों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के संपर्क उपलब्ध कराए गए ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत मदद ले सकें।
कई वृद्धजनों ने अपनी परेशानियाँ साझा कीं, जिन्हें पुलिस टीम ने संवेदनशीलता के साथ सुना और यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस पहल से बुजुर्गों के मन में यह विश्वास और गहरा हुआ कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था संभालने वाली शक्ति नहीं, बल्कि समाज की सच्ची संरक्षक और परिवार का सहारा भी है।
बुजुर्गों की सुविधा के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं, जिन पर वे किसी भी समय मदद ले सकते हैं।
