दून उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी बैठक सम्पन्न
व्यापारी हितों को लेकर पारित प्रस्तावों पर हुई गहन समीक्षा, 53 वर्षों से देहरादून के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व कर रहा मंडल
देहरादून, 29 अगस्त।दून उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी की एक अति आवश्यक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में कोर कमेटी के सभी सदस्यों ने पूर्व में आयोजित जिला कार्यसमिति बैठक की समीक्षा करते हुए उसमें पारित प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान व्यापारी समस्याओं के समाधान को लेकर अब तक हुए कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ उन्हें आगे किस द्रुतगति से आगे बढ़ाना है, इस पर भी विचार-विमर्श हुआ।
व्यापारी हितों की रक्षा को सदैव तत्पर
बैठक की अध्यक्षता कर रहे दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आदरणीय विपिन नागलिया ने कहा कि मंडल अपनी स्थापना से ही व्यापारी हितों के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला कार्यसमिति में जो प्रस्ताव पारित हुए थे, उन पर मंडल की ओर से शासन, प्रशासन और सरकार से लगातार बातचीत कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दून उद्योग व्यापार मंडल वर्ष 1972 से लगातार 53 वर्षों से देहरादून के व्यापारियों का सशक्त प्रतिनिधित्व कर रहा है। मंडल से संबद्ध लगभग 209 व्यापारी इकाइयाँ मजबूती से इसके साथ खड़ी हैं। यह संगठन देहरादून का एकमात्र व्यापारी संगठन है, जो बिना किसी निजी स्वार्थ के व्यापारी हितों की रक्षा करते हुए अपनी मांगों को पुलिस, प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखता आया है।
संरक्षक अनिल गोयल का बयान
बैठक में मंडल के संरक्षक अनिल गोयल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि वह लगभग 40 वर्षों से दून उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े हुए हैं और सदैव इसके सच्चे सिपाही रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका देहरादून के किसी अन्य व्यापारी संगठन से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी अनुमति के बिना उनके नाम और फोटो का उपयोग अपने बैनरों व निमंत्रण पत्रों में कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत करार देते हुए सभी संगठनों को चेतावनी दी कि भविष्य में उनके नाम या फोटो का उपयोग किसी भी प्रकार से न किया जाए।
अनिल गोयल ने जोर देकर कहा, “दून उद्योग व्यापार मंडल ही मेरा संगठन है। मैं मंडल का सिपाही था, सिपाही हूँ और सिपाही रहूँगा।”
मंडल की विरासत पर गर्व
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि दून उद्योग व्यापार मंडल ने 1972 से लगातार व्यापारी हितों की रक्षा, सुरक्षा और संरक्षण का कार्य किया है। यह संगठन देहरादून के व्यापारियों की आवाज़ है और आगे भी उनके अधिकारों व समस्याओं को समाधान दिलाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि व्यापारी समस्याओं के निराकरण के लिए मंडल आगे भी पूरे समर्पण और निष्ठा से कार्य करता रहेगा।
