सभी पदाधिकारी संगठन की मजबूती के लिए जुट जाएं-विधायक सहदेव सिंह पुंडीर

देहरादून, भाजपा सुद्धोवाला मंडल कार्यसमिति की बैठक झाझरा स्थित एलेगेंजा होटल परिसर में संपन्न हुई।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों पर मंथन हुआ तथा आगामी रणनीति भी तय की गई।बैठक दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेई एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर श्रद्धा पुष्प अर्पित करने के उपरांत शुरू हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने संगठन की रीति-नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन की मजबूती के लिए जुट जाएं और पूरी मेहनत से हर बूथ पर कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क शुरू करें।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर पहुंचाने के लिए हर जगह समान विचारधारा के लोगों की सक्रियता प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित में कार्य कर रही है। उनकी मेहनत और गरिमा को बनाए रखने के लिए हमे अपनी सक्रियता बनाए रखना होगा। जनता की सेवा ही हम सभी का कर्तव्य है। इसलिए भाजपा की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाए।

इसके अलावा विधायक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्ममानववाद दर्शन की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें सम्पूर्ण विश्व की समस्या का समाधान है। उन्होंने संगठन की मजबूती एवं संरचना पर जोर दिया और आगामी निकाय एवं लोकसभा चुनाव में पूरा दम खम लगाकर भाजपा को रिकॉर्ड वोटो से विजय दिलाने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मंजू नेगी, मंडल अध्यक्ष पिंकी देवी, महामंत्री निखिल गुसाईं, संदीप धनई, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष मातबर बिष्ट, मनोज धीमान, प्रदीप जोशी, विजय बिष्ट, शैलेश थापली, रमा थापा, आदि एवं मंडल के समस्त पदाधिकारीगण और सदस्य उपस्थित रहें।