आंध्र प्रदेश सरकार की महिला, बाल, विकलांग और वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंत्री के वी उषाश्री चरण जी परमार्थ निकेतन से हुई विदा

आंध्र प्रदेश सरकार की महिला, बाल, विकलांग और वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंत्री के वी उषाश्री चरण जी परमार्थ निकेतन से हुई विदा
हर घर तिरंगा रैली में किया सहभाग
भगवान शिव का रक्षाबंधन कर विश्व शान्ति की प्रार्थना

ऋषिकेश। आज प्रातःकाल आंध्र प्रदेश सरकार की महिला, बाल, विकलांग और वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंत्री के वी उषाश्री चरण जी और परमार्थ गुरूकुल के ऋषिकुमारों ने हर घर तिरंगा अभियान को प्रोत्साहित करने हेतु तिरंगा रैली निकाली। ऋषिकुमारों ने बैंड और देशभक्ति गीत, स्लोगन और नारों के साथ रैली के माध्यम से राष्ट्र भक्ति और राष्ट्र चेतना जागरण का संदेश दिया।
ऋषिकुमारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारे ‘‘भारत की है शान तिरंगा, भारत की है पहचान तिरंगा, मेरा देश मेरी शान, मेरा तिरंगा मेरी जान, घर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा, हर घर तिरंगा लहरायें, वीरों की गाथा गायें, हाथ से हाथ मिलायेंगे हर घर में तिरंगा लहरायेंगे, तिरंगा हमारी शान है हम भारतीयों का स्वाभिमान है, हमारा तिरंगा हमारी शान, भारत देश सबसे महान आदि अनेक नारों के साथ तिरंगा रैली निकाली।
माननीय मंत्री के वी उषाश्री चरण जी ने आज सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनायें देते हुये कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। कलाई में बंधा रेशम का धागा भाई की प्रतिबद्धता और बहन के प्रेम का पूरक है। सभी मिलकर इस त्योहार को प्यार और उल्लास के साथ मनाएं।
उन्होंने कहा कि पूज्य स्वामी जी के मार्गदर्शन में महिलाओं, बलिकाओं और युवाओं के लिये अद्भुत कार्य किये जा रहे हैं। मेरे परमार्थ निकेतन प्रवास के दौरान मुझे स्वामी जी से मिलने का अवसर प्राप्त नहीं हो सका परन्तु मैने शार्ट फिल्मों के माध्यम से उनके मार्गदर्शन और संरक्षण में किये जा रहे सेवा कार्यो के विषय में जाना। मुझे और मेरे परिवार को यहां आकर अत्यंत शान्ति का अनुभव हुआ। परमार्थ निकेतन की गंगा आरती सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने वाली है।
माननीय मंत्री जी और सभी ऋषिकुमारों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु देशवासियों से आह्वान किया। तत्पश्चात भगवान शिव का रक्षाबंधन कर विश्व शान्ति की प्रार्थना की।